Breaking News

व्यापारियों का फूटा गुस्सा, नो-एंट्री व चालान नीति से कारोबार बेहाल

– उत्तम उद्योग व्यापार मंडल ने यातायात सीओ को सौंपा ज्ञापन
– एसपी को ज्ञापन देने जाते व्यापारी।
फतेहपुर। शहर के व्यापारियों ने यातायात व्यवस्था के नाम पर हो रहे कथित उत्पीड़न के खिलाफ शनिवार को मोर्चा खोल दिया। उत्तम उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रांतीय अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी और जिलाध्यक्ष मनोज साहू के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी नगर/यातायात से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याओं से संबंधित विस्तृत ज्ञापन सौंपा। व्यापार मंडल ने आरोप लगाया कि वर्तमान यातायात व्यवस्था और नो-एंट्री नियमों के कारण स्थानीय व्यापार गंभीर संकट का सामना कर रहा है। प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी ने कहा कि शहर के मुख्य मार्गों पर रोडवेज बसें और अन्य सरकारी वाहन घंटों तक खड़े रहते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती। वहीं दूसरी ओर दुकानों पर माल उतारने के लिए कुछ समय के लिए वाहन खड़ा करने पर व्यापारियों का तत्काल ऑनलाइन चालान काट दिया जाता है। उन्होंने हाल ही में बड़े शिवालय के पास स्थित एक व्यापारी के मालवाहक वाहन का ज्वालागंज चौराहे पर काटा गया चालान उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करते हुए इसे व्यापारियों के साथ अन्याय बताया। मांग की गई कि नो-एंट्री का समय शाम 9 बजे से सुबह 7 बजे तक किया जाए, माल उतारने के दौरान किए गए चालानों को निरस्त किया जाए, सड़क किनारे खड़े सरकारी वाहनों पर भी समान रूप से कार्रवाई हो, आवश्यक वस्तुओं के वाहनों को विशेष छूट दी जाए तथा चालान से पहले चेतावनी देने की व्यवस्था लागू की जाए। व्यापारियों ने हेलमेट चेकिंग में भी व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने की मांग रखी। सीओ यातायात ने आश्वासन देते हुए कुछ समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण भी कराया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मनोज साहू, जय किशन, अनिल महाजन, प्रशांत सिंह चौहान, सुमित रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About NW-Editor

Check Also

अपना दल कमेरावादी का प्रदर्शन, छह सूत्रीय मांगों पर राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

– खाद-बीज, सिंचाई, बिजली व महिलाओं की सुरक्षा समेत जनहित के मुद्दों पर कार्रवाई की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *