फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के मसवानी मोहल्ला, कालिकन रोड में सोमवार सुबह पड़ोसी की दीवार ढहने से दंपती समेत चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दंपती को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मसवानी मोहल्ला कालिकन रोड निवासी अंसार पुत्र बाबू अपनी पत्नी जमिला (40) के साथ घर में था। जबकि 22 वर्षीय भतीजा कलीम और 20 वर्षीय अयान भी मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोसी इरफान की दीवार उनकी छत पर गिर गई। दीवार गिरने से अंसार का मकान भी ढह गया और मलबे में दंपती व दोनों भतीजे दब गए।
आनन-फानन आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल दंपती को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जमिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
वहीं मामूली रूप से घायल कलीम ने बताया कि हादसे में वह और उसका छोटा भाई अयान भी घायल हुए हैं। पोस्टमार्टम न कराने के चलते परिजन शव को अपने साथ घर ले गए।
News Wani
