Breaking News

वाहन चेकिंग के दौरान दर्दनाक हादसा, कंटेनर की टक्कर से परिवहन विभाग के सिपाही की मौत

बिंदकी, फतेहपुर। सड़क पर वाहनों की जांच कर रहे परिवहन विभाग के प्रवर्तन सिपाही को तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सिपाही करीब 12 घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहे, लेकिन शनिवार दोपहर कानपुर के हैलट अस्पताल में उनकी सांसें थम गईं। ड्यूटी के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे से परिवहन विभाग में शोक छा गया।

कल्याणपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज मार्ग पर स्थित बड़ौरी टोल प्लाजा के पास परिवहन विभाग की टीम विशेष चेकिंग अभियान के तहत वाहनों की जांच कर रही थी। आरटीओ संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम बसों की अनियमितताओं की जांच में जुटी थी। टीम में प्रवर्तन सिपाही सुरेंद्र सिंह, रामनाथ तिवारी और सरकारी वाहन चालक भवनीत सिंह शामिल थे।

शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे फतेहपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ट्रक संख्या एचआर-55-एक्स-5104 ने चेकिंग के दौरान ड्यूटी कर रहे प्रवर्तन सिपाही रामनाथ तिवारी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विभागीय साथियों और स्थानीय लोगों ने घायल सिपाही को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। कल्याणपुर थाना पुलिस ने उन्हें मेडिकल कॉलेज भिजवाया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर के एलएलआर अस्पताल (हैलट अस्पताल) रेफर कर दिया।

हैलट अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चलता रहा, लेकिन शनिवार दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। ड्यूटी के दौरान सिपाही की मौत की खबर से विभागीय कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने कंटेनर जब्त कर चालक को हिरासत में लिया

हादसे के बाद पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया। चालक की पहचान प्रयागराज जिले के मऊआइमा निवासी मोहम्मद मुस्लिम के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में अवैध तमंचा रखने वाले युवक पर पुलिस का शिकंजा, दो कारतूस बरामद

फतेहपुर। सोशल मीडिया पर तमंचा प्रदर्शित कर कानून को चुनौती देने वाले युवक को औंग …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *