न्यूज़ वाणी ब्यूरो
फतेहपुर, 31 जुलाई 2026।
मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के अंतर्गत संचालित नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिला कार्यकारी समिति (डिस्ट्रिक्ट एग्जीक्यूटिव कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में विभागीय पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी ई-लॉटरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
जनपद के नामित नोडल अधिकारी राजेश कुमार प्रजापति ने उपस्थित आवेदकों को योजना की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि विभागीय पोर्टल पर कुल 157 पात्र आवेदकों के आवेदन प्राप्त हुए थे। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ई-लॉटरी के माध्यम से जनपद को आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष 14 महिला एवं 14 पुरुष, कुल 28 लाभार्थियों का चयन किया गया।
उन्होंने बताया कि योजना की कुल परियोजना लागत ₹2 लाख निर्धारित है, जिसमें पात्र लाभार्थियों को अधिकतम ₹80 हजार का अनुदान प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराया जाएगा।
नोडल अधिकारी ने बताया कि चयनित लाभार्थियों को गिर, साहिवाल, हरियाणा तथा थारपारकर जैसी देशी नस्ल की गाय प्रदेश के बाहर से खरीदनी होगी। गाय खरीदने के बाद लाभार्थियों को परिवहन बिल, ईयर टैगिंग, स्वास्थ्य प्रमाणपत्र तथा तीन वर्ष के बीमा संबंधी दस्तावेज सहित सभी आवश्यक अभिलेख विभागीय पोर्टल एवं संबंधित विभाग में प्रस्तुत करने होंगे, जिसके बाद अनुदान की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित लाभार्थियों को योजना की सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कराई जाएं। उन्होंने लाभार्थियों की सुविधा के लिए उनका व्हाट्सएप समूह बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि गाय खरीदने से संबंधित जानकारी, मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने चयनित लाभार्थियों से कहा कि वे एक माह के भीतर देशी गाय खरीदकर सभी आवश्यक अभिलेख विभाग को उपलब्ध करा दें, जिससे अनुदान वितरण एवं अन्य कार्यवाहियां समय पर पूरी की जा सकें।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए), मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, समिति के सदस्य सुरेश कुमार सिंह, वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक, हेमंत मिश्रा (दुग्ध निरीक्षक) सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आवेदक उपस्थित रहे।

News Wani