नजीबाबाद/बिजनौर – सावन कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और वन विभाग पूरी तरह सतर्क है। कांवड़ियों एवं आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्राम जटपुरा बोंडा, नियामतपुर से कोटावाली पुल तक कांवड़ मार्ग पर ड्रोन कैमरे के माध्यम से गुलदार की संभावित गतिविधियों की निगरानी कराई गई।
यह अभियान उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नजीबाबाद के निर्देशन में वन विभाग की टीम के समन्वय से चलाया गया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी, नायब तहसीलदार तथा कावड़ सुरक्षा निरीक्षक राकेश कुमार ने स्वयं कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वन विभाग की टीम ने ड्रोन कैमरे की सहायता से मार्ग के आसपास जंगल, गन्ने के खेतों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों की निगरानी की, ताकि गुलदार की किसी भी गतिविधि का समय रहते पता लगाया जा सके।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा समाप्त होने तक संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए तथा वन विभाग और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पुलिस, राजस्व एवं वन विभाग की टीमें लगातार संयुक्त रूप से कार्य कर रही हैं। ड्रोन निगरानी के माध्यम से कांवड़ मार्ग पर संभावित खतरों पर नजर रखी जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराई जा सके।

News Wani