फतेहपुर। बिंदकी विधानसभा क्षेत्र के नगांव में शनिवार को पूर्व मंत्री एवं विधायक जय कुमार सिंह जैकी ने ग्राम सचिवालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जय कुमार सिंह जैकी ने कहा कि ग्राम सचिवालय बनने से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अब दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं आसानी से शासन-प्रशासन तक पहुंच सकेंगी। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की जनता से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए शासन से धनराशि आवंटित कराने के साथ ही गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और पात्र लोगों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
इस मौके पर ग्राम प्रधान इफ्तेखार खान, ग्राम सचिव मोइन खान, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि शानू खान, मोहम्मद आसिफ रजा, शहनवाज सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
News Wani
