– भैंस चोरी की झूठी सूचना देकर बुला ली पुलिस, उपचार दौरान तोड़ा दम
– प्रेमिका के पति समेत तीन गिरफ्तार, कई अन्य हिरासत में
– पुलिस हिरासत में महिलाएं।
फतेहपुर। जिले के मलवां थाना क्षेत्र में आधी रात प्रेम प्रसंग का ऐसा खूनी अंत हुआ जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके ससुराल पहुंचे युवक को प्रेमिका के पति और परिजनों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने प्रेमिका के पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कमलेश पुत्र राम सजीवन निवासी ग्राम भिटौरा थाना हुसैनगंज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कमलेश का तारा देवी नामक विवाहिता महिला से शादी से पहले से प्रेम संबंध था। तारा देवी की शादी मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम बधैयापुर में हुई थी, लेकिन दोनों के बीच संपर्क लगातार बना हुआ था। बताया जाता है कि रविवार की मध्य रात्रि कमलेश अपनी प्रेमिका से मिलने उसके ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान प्रेमिका के पति मानसिंह व घर के अन्य लोगों ने उसे देख लिया। युवक को पकड़कर पहले घर के भीतर बंधक बनाया गया और फिर लाठी-डंडों से जमकर पीटा गया। घटना को दूसरा रूप देने के लिए घरवालों ने यूपी-112 पर फोन कर सूचना दी कि एक युवक भैंस चोरी करते पकड़ा गया है और ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी है। सूचना मिलते ही यूपी-112 और थाना मलवां पुलिस मौके पर पहुंची। घायल हालत में पड़े युवक को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन सुबह उपचार के दौरान उसकी सांसें थम गईं। शुरुआती सूचना भैंस चोरी की थी, लेकिन पुलिस की गहन पड़ताल में मामला प्रेम प्रसंग का निकला। पूछताछ में सामने आया कि कमलेश चोरी करने नहीं बल्कि अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान प्रेमिका के पति और परिजनों ने उसे पकड़कर पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई सुमेश ने थाना मलवां में तहरीर देकर प्रेमिका के पति और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य से पूछताछ
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमिका के पति मान सिंह समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में पकड़े जाने के बाद मारपीट से मौत का है। सभी पहलुओं पर जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इलाके में चर्चा का विषय बनी वारदात
आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की इस दर्दनाक मौत के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। गांव में घटना को लेकर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, वहीं प्रेम प्रसंग का यह खौफनाक अंजाम लोगों को झकझोर गया है।
News Wani
