नई दिल्ली। फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में तेज टर्बुलेंस की घटना के बाद पायलट के डोप टेस्ट को लेकर सवाल उठे हैं। सूत्रों के हवाले से पायलट के टेस्ट में पॉजिटिव परिणाम आने की बात सामने आई है, हालांकि एयर इंडिया ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है। एयरलाइन का कहना है कि टेस्ट के नतीजे अभी उसके साथ साझा नहीं किए गए हैं।
फ्लाइट संख्या AI-2379 ने 4 अगस्त की सुबह फुकेट से 134 यात्रियों के साथ दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। दिल्ली पहुंचने से पहले क्रूज चरण में विमान अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गया। यात्रियों के अनुसार, विमान करीब दो से तीन मिनट तक जोरदार झटकों से डगमगाता रहा। इस दौरान विमान के केबिन की सीलिंग को भी नुकसान पहुंचा।
दिल्ली पहुंचने के बाद नियमों के तहत फ्लाइट के पायलटों की पोस्ट-फ्लाइट स्क्रीनिंग की गई। एयरलाइन के मुताबिक, नागरिक उड्डयन नियमों के तहत क्रू मेंबर्स का नियमित साइकोएक्टिव सब्सटेंस टेस्ट कराया जाता है। ये जांच किसी एक विशेष उड़ान या घटना तक सीमित नहीं होती।
एयरलाइन ने कहा कि संबंधित टेस्ट के परिणाम अभी तक उसे उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इसलिए पायलट के डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने की पुष्टि या खंडन करना फिलहाल संभव नहीं है। एयरलाइन ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह संबंधित अधिकारियों की जांच में पूरा सहयोग करेगी।
DGCA कर रहा घटना की जांच
फ्लाइट में हुई टर्बुलेंस की घटना की नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) जांच कर रहा है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि टर्बुलेंस के दौरान पायलटों ने स्थिति को किस तरह संभाला और विमान को हुए नुकसान की वास्तविक वजह क्या थी।
जांच के दौरान खराब मौसम समेत अन्य संभावित कारणों पर भी गौर किया जा रहा है। विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम पर तेज झटकों का कोई असर पड़ा था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। इसके अलावा विमान को दिल्ली के बजाय किसी नजदीकी एयरपोर्ट पर डायवर्ट नहीं किए जाने के फैसले की भी समीक्षा की जा रही है।
मौजूदा नियमों के अनुसार, जांच पूरी होने तक संबंधित क्रू सदस्यों को उड़ान ड्यूटी से हटाया जा सकता है। इसी प्रक्रिया के तहत इस फ्लाइट के पायलटों को भी फिलहाल उड़ान ड्यूटी से अलग रखा गया है।
News Wani
