Breaking News

लखनऊ में गूंजा देशभक्ति का संदेश, 30 हजार लोगों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा और योगी, केशव, ब्रजेश तिरंगा लेकर 2km पैदल चले

लखनऊ। काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में रविवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे और युवा इस यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने हाथ में तिरंगा लेकर करीब दो किलोमीटर तक पैदल यात्रा की।

मुख्यमंत्री आवास से सुबह करीब 9:20 बजे शुरू हुई तिरंगा यात्रा लगभग 30 मिनट बाद विधानभवन पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में करीब 30 हजार लोगों की भागीदारी रही। देशभक्ति गीतों, ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा। स्कूली बच्चे 101 फीट लंबा तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ सेल्फी भी ली। महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल समेत कई नेता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में रहकर राष्ट्रीय प्रतीकों, राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और महापुरुषों का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने युवाओं को देश और समाज की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा के बाद मुख्यमंत्री काकोरी पहुंचे, जहां उन्होंने काकोरी ट्रेन एक्शन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। भारतेंदु नाट्य अकादमी के कलाकारों ने ऐतिहासिक घटना पर आधारित नाटक का मंचन किया। इस दौरान काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़े क्रांतिकारियों के परिजनों और कारगिल युद्ध में शहीद कैप्टन मनोज पांडेय के बड़े भाई को सम्मानित किया गया।

काकोरी ट्रेन एक्शन की स्मृति में स्वतंत्रता दिवस तक प्रदेशभर के शहीद स्थलों और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम और क्रांतिकारियों के बलिदान से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।

About NW-Editor

Check Also

निगोहां में पसमांदा समाज का जुटान, शिक्षा-रोजगार और सामाजिक हिस्सेदारी के मुद्दों पर बनी रणनीति

(सबील खान) लखनऊ। निगोहां क्षेत्र के दुन्दपुर रोड स्थित भगवानपुर में पसमांदा मुस्लिम समाज संगठन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *