Breaking News

महरहा गौशाला का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार और बीमार गौवंश के तत्काल उपचार के दिए निर्देश

चौडगरा/फतेहपुर। जनपद फतेहपुर के मलवां विकास खण्ड की ग्राम पंचायत महरहा स्थित गौशाला का जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मुख्य विकास अधिकारी पवन मीणा के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वर्षा ऋतु में गौवंशों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने जलभराव, पेयजल, चारे, साफ-सफाई एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की तथा पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला के स्टॉक रजिस्टर, गौवंशों की संख्या से संबंधित अभिलेख, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, स्वच्छता व्यवस्था तथा पेयजल की उपलब्धता का बारीकी से निरीक्षण किया। इसी दौरान एक गौवंश बीमार मिला, जिस पर उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को तत्काल उपचार सुनिश्चित कराने तथा आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद गोपालकों से भी गौशाला की व्यवस्थाओं और दैनिक संचालन के संबंध में जानकारी ली।
सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि गौशाला के मुख्य गेट के साथ-साथ पीछे का हिस्सा तथा कुछ गौवंश कैमरों में स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे हैं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कैमरों की स्थिति में तत्काल सुधार कर प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने और गौवंशों के लिए हरे चारे की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने परिसर में नेपियर घास लगाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ग्राम समाज की भूमि गौशाला के सुपुर्द किए जाने संबंधी गाटा संख्या की जानकारी ग्राम पंचायत सचिव अवधलाल से प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी मलवां कमलेश बहादुर सिंह, एडीओ पंचायत राजकुमार, पशु चिकित्साधिकारी जयचंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं गोपालक उपस्थित रहे।

About NW-Editor

Check Also

मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्थाओं पर भाजपा नेता ने उठाए सवाल सीएम पोर्टल पर की शिकायत, सुधार की उठाई मांग

फतेहपुर। अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *