Breaking News

‘महाराष्ट्र में हिंदी थोपी तो लात मारूंगा’, चुनावी सभा में राज ठाकरे के विवादित बयान से भड़की सियासत”

महाराष्ट्र में भाषा विवाद लंबे समय से चला आ रहा एक बड़ा मुद्दा है। मराठी भाषा के समर्थन और हिंदी के विरोध में आए दिन मनसे और शिवसेना (उद्धव दल) के नेता बयानबाजी और लोगों के साथ मारपीट करते नजर आते हैं। इसी कड़ी में अब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के चीफ राज ठाकरे का एक और विवादित बयान सामने आ गया है। ठाकरे ने अपने बयान में यूपी-बिहार के लोगों का अपमान करते हुए उन पर हिंदी थोपने का आरोप लगाया है और चेतावनी दी है कि अगर वे ऐसा करना बंद नहीं करेंगे तो उन्हें लात पड़ेगी।

चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए दिया बयान

महाराष्ट्र में जल्द ही बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनावों का आयोजन होने जा रहा है। इसे लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी तैयारी तेज कर ली है। ज्यादा से ज्यादा वोट अपने खाते में पाने के लिए राजनेता पूरी कोशिश कर रहे हैं और राज्य में चुनावी सभाओं का दौर शुरू हो गया है। महाराष्ट्र के लोगों को लुभाने के लिए ठाकरे ने भी एक चुनावी सभा के दौरान ही यह विवादित बयान दिया है। रविवार को ठाकरे​दादर स्थित शिवतीर्थ मैदान में एक जनसभा में शामिल होने पहुंचे थे। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ठाकरे ने मराठी एकता का आह्वान किया और राज्य की भाषा, जमीन और पहचान पर खतरा होने की बात कही।

केंद्र सरकार पर भी साधा निशाना

इसी दौरान ठाकरे ने यूपी-बिहार से आकर महाराष्ट्र में रह रहे लोगों को लेकर विवादित बयान दिया। ठाकरे ने कहा, उत्तर प्रदेश और बिहार से आए लोगों को महाराष्ट्र में हिंदी थोपने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। मुझे किसी भाषा से नफरत नहीं है लेकिन अगर इसे थोपने की कोशिश करोगे तो मैं आपको लात मारूंगा। ठाकरे ने अपने बयान में केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। मनसे चीफ ने कहा, कुछ ताकतें अभी भी इस बात से नाराज हैं कि मुंबई गुजरात के बजाय महाराष्ट्र को मिल गया।

हिंदू-मुस्लिम विवाद पर भी कसा तंज

ठाकरे ने आगे कहा, वे अब अडाणी ग्रुप के जरिए मुंबई और मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन पर कंट्रोल हासिल करना चाहते हैं। राज्य के लगभग हर बड़े क्षेत्र में अडाणी समूह की भागीदारी बढ़ती जा रही है। उन्होंने आगे कहा, दुनिया में शायद ही ऐसा कोई होगा जो अडाणी की तरह 10 सालों में इतना अमीर हुआ होगा। बिजली, बंदरगाह, एयरपोर्ट हर क्षेत्र में उसका दखल बढ़ा है। सरकार उसके प्रति इतनी उदार क्यों है। ठाकरे ने हिंदू-मुस्लिम विवाद को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। मनसे चीफ ने कहा, भाजपा हर चुनाव से पहले हिंदू-मुस्लिम और मराठी–गैर मराठी का मुद्दा उठाकर राजनीति करती है।

About NW-Editor

Check Also

तमिलनाडु में धार्मिक स्थलों और स्कूलों के पास की 717 शराब दुकानें बंद होंगी, CM विजय का बड़ा ऐलान

तमिलनाडु में जनहित को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री एस. जोसेफ विजय ने बड़ा फैसला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *