Breaking News

यूपी में बाढ़ से बिगड़े हालात: 19 जिलों में पानी-पानी; काशी में पुलिस चौकी डूबी; कई राज्यों में भारी बारिश से हाई अलर्ट

उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। प्रदेश के 19 जिलों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। 92 गांवों की फसलें प्रभावित हुई हैं, जबकि 26 गांवों का संपर्क पानी भरने से टापू जैसे हालात में पहुंच गया है। गंगा, यमुना समेत कई नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

वाराणसी में गंगा का पानी बढ़ने से दशाश्वमेध घाट स्थित पुलिस चौकी जलमग्न हो गई। प्रयागराज में दारागंज घाट का श्मशान भी पानी में डूब गया, जिसके चलते अंतिम संस्कार सड़कों पर करने की नौबत आ गई है। ललितपुर में सैर नाले पर बना पुल तेज बहाव के कारण डूब गया। एक युवक बाइक लेकर पुल पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी बाइक पानी में बह गई। हालांकि युवक बाल-बाल बच गया।

गाजियाबाद में भी लगातार बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से कई वाहन बंद हो गए। उन्नाव में गंगा के तेज बहाव में दो बच्चियां और उनके पिता डूबने लगे, जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने सुरक्षित बचा लिया।

मध्य प्रदेश में 22 जिलों में रेड अलर्ट

मध्य प्रदेश के जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों में भारी से अति भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। पन्ना जिले में शहपुरा नदी के तेज बहाव में एक डंपर बह गया। चालक ने तैरकर अपनी जान बचाई।

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। डिंडौरी और बालाघाट समेत पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से महिला की मौत

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में बारिश के दौरान पैदल जा रही एक महिला पर बिजली गिर गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बिलासपुर में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

बलरामपुर में कन्हर नदी पार करते समय एक युवक तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश में बचाव दल जुटा हुआ है।

बिहार में गंगा उफान पर, कई इलाकों में बाढ़ का खतरा

बिहार में बक्सर से भागलपुर तक गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। भागलपुर के नवगछिया में कटाव तेज हो गया है। खरीक प्रखंड के राघोपुर गांव में तटबंध टूटने से कई इलाकों में पानी घुस गया है। बक्सर में भी बाढ़ के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं।

उत्तराखंड और हिमाचल में भी बारिश का असर

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में यमुना नदी के तेज बहाव में एक मजदूर फंस गया था, जिसे SDRF की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। देहरादून की टौंस नदी में भी बाढ़ के दौरान एक डंपर फंस गया, हालांकि चालक और अन्य लोग समय रहते बाहर निकल गए।

पौड़ी जिले में भारी बारिश के बीच भूस्खलन से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण 125 सड़कें बंद हैं।

25 और 26 अगस्त को कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार 25 अगस्त को छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना है।

26 अगस्त को मध्य प्रदेश और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई इलाकों में आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

About NW-Editor

Check Also

अखिलेश की रैली पर रोक से सियासत गरम: अफसरों पर करोड़ों की दवा घोटाले के आरोपों से उठे सवाल

उत्तरप्रदेश: राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर बढ़ी सियासी हलचल के बीच प्रशासनिक फैसलों और सरकारी व्यवस्थाओं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *