ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बड़ा कदम उठाया है। ईरानी संसद ने इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों से टोल यानी शुल्क वसूलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। ईरानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जिन देशों के जहाजों को होर्मुज से गुजरने की अनुमति दी जाएगी, उनसे समुद्री सेवाओं के बदले शुल्क लिया जाएगा।
ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रवक्ता हसन काशकवी के अनुसार, टोल के बदले जहाजों को समुद्री सेवाएं, सुरक्षा और इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा पर्यावरण से जुड़ी सेवाएं और विशेष परिस्थितियों में ईंधन भी उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
रियाल या दूसरी पसंदीदा करेंसी में होगा भुगतान
ईरान के प्रस्ताव के अनुसार, जहाजों से लिया जाने वाला शुल्क ईरानी रियाल या ईरान की ओर से स्वीकार की जाने वाली किसी अन्य मुद्रा में चुकाया जा सकेगा। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर दोनों देशों के बीच रणनीतिक टकराव की स्थिति बनी हुई है।
अमेरिका ने ईरान पर बढ़ाया आर्थिक दबाव
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि ट्रम्प प्रशासन ईरान के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई के निर्णायक दौर में पहुंच गया है। अमेरिका का लक्ष्य ईरान की आय के प्रमुख स्रोतों को सीमित करना और उस पर आर्थिक दबाव बढ़ाना है।
अमेरिकी प्रशासन ने ईरान को आर्थिक रूप से अलग-थलग करने के लिए सहयोगी देशों से भी साथ देने की अपील की है। इसके जवाब में ईरान ने अमेरिका की आर्थिक कार्रवाई में सहयोग करने वाले खाड़ी देशों को चेतावनी दी है।
अमेरिका का साथ देने वाले देशों को ईरान की चेतावनी
ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख मोहसिन रेजाई ने कहा है कि जो देश ईरान पर आर्थिक प्रतिबंध लगाने में अमेरिका का साथ देंगे, उन्हें दुश्मन माना जाएगा। इस बयान से खाड़ी क्षेत्र में पहले से जारी तनाव और बढ़ने की आशंका है।
होर्मुज को अमेरिकी क्षेत्र बता चुके हैं ट्रम्प
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प होर्मुज स्ट्रेट को ‘न्यू यूएस टेरिटरी’ यानी नया अमेरिकी इलाका बता चुके हैं। 18 अगस्त को उन्होंने पहली बार होर्मुज पर अमेरिकी नियंत्रण की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर दोबारा ऐसी तस्वीर साझा की, जिसमें होर्मुज को अमेरिकी क्षेत्र के तौर पर दिखाया गया।
तनाव के बीच होर्मुज के दो समुद्री रास्ते
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के बाद होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही को लेकर दो अलग समुद्री रास्तों की चर्चा तेज हुई है। उत्तरी रास्ता ईरान के तट के करीब है, जबकि दक्षिणी रास्ता ओमान की ओर पड़ता है और ईरानी तट से अपेक्षाकृत दूर है।
अमेरिका दक्षिणी यानी ओमानी रास्ते से जहाजों की आवाजाही पर जोर दे रहा है। अमेरिकी नौसेना की सुरक्षा में चलने वाले कई वाणिज्यिक जहाज भी इसी मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं।
ईरान को ‘मक्का एग्रीमेंट’ में शामिल होने का दावा
इसी बीच एक ईरानी अधिकारी ने दावा किया है कि ईरान को ‘मक्का एग्रीमेंट’ में शामिल होने का न्योता मिला है। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय या इस समझौते के संस्थापक देशों सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
News Wani
