– साउथ अफ्रीका फतेहपुर व पीजी स्पोर्ट्स हाउस-11 विजयी
– प्रीमियर लीग के मौके पर खिलाड़ी।
फतेहपुर। ग्रीन बॉक्स ग्राउंड आरवीएस स्कूल के निकट बांदा सागर रोड पर आयोजित ग्रीन बॉक्स प्रीमियर लीग सीजन-1 के चौथे दिन क्रिकेट प्रेमियों को दो बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और कड़े मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका फतेहपुर ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवरों में 3 विकेट खोकर 135 रन बनाए। टीम की ओर से जिया ने मात्र 32 गेंदों में 48 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी शाइन स्ट्राइकर्स की टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट पर 132 रन ही बना सकी। इस तरह साउथ अफ्रीका फतेहपुर ने रोमांचक मुकाबले में 3 रन से जीत दर्ज की। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए जिया को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 48 रन बनाने के साथ 3 ओवर में मात्र 12 रन देकर 4 विकेट भी झटके। दिन के दूसरे मुकाबले में लाइफ स्टाइल स्ट्राइकर्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर केवल 76 रन बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीजी स्पोर्ट्स हाउस-11 ने संतुलित बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 8.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 78 रन बनाकर मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में प्रज्ज्वल सिंह ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने नाबाद 29 रन बनाए तथा गेंदबाजी में 3 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन पर उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। टूर्नामेंट के चौथे दिन खेले गए दोनों मुकाबले अंतिम क्षणों तक रोमांच से भरपूर रहे। खिलाड़ियों के जज्बे और खेल भावना ने दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के आगामी मैचों को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। इस अवसर पर आशीष शुक्ला जीतू, देवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी, कमल किशोर गुप्ता, योगेन्द्र कुमार, मुन्ना सिंह, अमित श्रीवास्तव, श्रीश शुक्ला, अभिषेक सेंगर, विश्वनाथ सिंह, मनोज कुमार, आकाश शुक्ला, पंकज पासवान, सम्राट गौतम, आयुष अग्रहरि, सन्दीप श्रीवास्तव, प्रेम सिंह एवं रतन कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट के सफल संचालन में आयोजन समिति, अंपायरों, स्कोररों और सभी सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है।

News Wani