Breaking News

मुंब्रा में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब शादी हॉल पर गिरी गाज, लोगों में बढ़ी चिंता

*संवाददाता*
*सैयद समीर हुसैन*

मुंब्रा: ठाणे महानगर पालिका (टीएमसी) द्वारा मुंब्रा क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत अब कई शादी हॉल पर भी बुलडोज़र चलाया गया है। इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय लोगों और हॉल मालिकों में भारी चिंता और असमंजस का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, खरडी रोड से लेकर वाई जंक्शन और एमएम वैली से नए रोड तक, जहां पहले बकरीद के दौरान पाड़ा मंडी लगती थी, उस पूरे क्षेत्र में मौजूद कई शादी हॉल को ध्वस्त कर दिया गया। टीएमसी का कहना है कि ये सभी निर्माण अवैध रूप से बनाए गए थे। हालांकि, इस कार्रवाई का सबसे ज्यादा असर उन परिवारों पर पड़ा है जिन्होंने पहले से शादी या अन्य कार्यक्रमों के लिए इन हॉल की बुकिंग कर रखी थी। अचानक हुई इस कार्रवाई के चलते उनके सामने आयोजन को लेकर बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। वहीं हॉल मालिक भी इस दुविधा में हैं कि वे ग्राहकों का पैसा लौटाएं या वैकल्पिक व्यवस्था करें। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुंब्रा में इस तरह की बढ़ती कार्रवाई से डर और दहशत का माहौल है। लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि इस स्थिति से कैसे निपटा जाए और भविष्य में क्या होगा। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब अन्य जगहों पर कथित रूप से फॉरेस्ट जमीन पर बने निर्माण और गोदामों पर कार्रवाई नहीं होती, तो सिर्फ शादी हॉल को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है। कुछ नागरिकों ने यह भी बताया कि कम्युनिटी मैरिज हॉल बनाने की चर्चा कई बार हुई, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। ऐसे में आम जनता के सामने विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों को आयोजित करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। लोगों का यह भी आरोप है कि मुंब्रा और दीवा प्रभाग समिति के अंतर्गत कई जगहों पर अवैध गाले और गोदाम तेजी से बन रहे हैं, लेकिन उन पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही। साथ ही, फॉरेस्ट क्षेत्र में मैंग्रोव पेड़ों की कटाई और अवैध गतिविधियों पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या भविष्य में इन शादी हॉल को फिर से बनाने की अनुमति मिलेगी, और प्रशासन आम लोगों की परेशानियों का समाधान कैसे करेगा। फिलहाल, मुंब्रा की जनता इन सवालों के जवाब का इंतजार कर रही है।

About NW-Editor

Check Also

251 KM की रफ्तार, इंस्टाग्राम LIVE और मौत का सफर: बदलापुर में BMW हादसे में 2 दोस्तों की दर्दनाक मौत

मुंबई से सटे ठाणे जिले के बदलापुर में तेज रफ्तार BMW कार का ऐसा खौफनाक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *