उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी में कैश कलेक्शन एजेंट से सवा चार लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में कैश कलेक्शन एजेंट से सवा चार लाख रुपये की लूट के मामले में फरार चल रहे चार आरोपितों को बुराड़ी थाना पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान समीर, कृष, कपिल और शाहदाब उर्फ अमित के रूप में हुई है।
पुलिस ने 35 किलोमीटर में लगे करीब एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल आरोपितों को दबोचा। इनके कब्जे से 26 हजार नकद, लूट की रकम से खरीदा गया एक मोबाइल व चोरी की एक स्कूटी बरामद हुई है।
उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, 27 अप्रैल को बुराड़ी इलाके में संदीप नामक एक कैश कलेक्शन एजेंट ने सवा चार लाख रुपये की लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसने स्वरूप नगर स्थित जेप्टो के एक स्टोर से सवा चार लाख रुपये कलेक्ट किए थे। इस बीच नकदी लेकर वह आगे जा रहा था।
रास्ते में ओम गार्डन बैंक्वेट हाल के पास स्कूटी सवार दो लोगों ने उसे टक्कर मारकर गिरा दिया। इस बीच दो और स्कूटी सवार वहां पहुंचे। बाद में आरोपितों ने उसे हथियार दिखाकर नकदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की।
बदमाशों के आने और जाने के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई। फुटेज से पता चला कि आरोपित दहिसरा बार्डर की ओर भागे। इसके बाद हरियाणा के अलग-अलग गांवों की ओर जाने के बाद दो आरोपित सिंघु बार्डर से दिल्ली वापस आए। बाद में जहांगीरपुरी के एक होटल में आरोपितों ने पांच घंटे बिताए।
होटल की फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान की। जांच के बाद पहले समीर, कृष और शाहदाब को दबोचा गया। बाद में कपिल को भी गिरफ्तार लिया गया। समीर कुछ दिनों पूर्व जेप्टो में काम करता था। वह कैश कलेक्शन एजेंट को जानता था। उसने ही योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात में अपने दोस्तों को शामिल किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
News Wani