मुंबई। अभिनेत्री और प्रोड्यूसर आलिया भट्ट से मिलने और उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे एक फैन को उस समय सिक्योरिटी टीम ने पीछे कर दिया, जब वह भीड़ के बीच एक्ट्रेस के काफी करीब पहुंचने लगा। घटना उस समय की है, जब आलिया अपनी आगामी फिल्म के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाहर निकल रही थीं।
आलिया इस दौरान कुछ फैन्स के साथ तस्वीरें खिंचवा रही थीं। तभी एक शख्स सेल्फी लेने के लिए उनकी ओर तेजी से बढ़ा। सुरक्षा में तैनात बॉडीगार्ड ने तुरंत उसे साइड कर दिया। हालांकि, आलिया का ध्यान उस समय दूसरे प्रशंसकों की ओर था और वह उनके साथ तस्वीरें क्लिक करा रही थीं।
सिक्योरिटी द्वारा रोके जाने के बाद वह फैन दोबारा आलिया के पास सेल्फी लेने की कोशिश करने लगा। सुरक्षा टीम ने उसे आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद वह वहां से चला गया। कार्यक्रम से निकलते वक्त आलिया ने एक अन्य प्रशंसक के साथ तस्वीर भी खिंचवाई।
2024 में भी सामने आया था ऐसा ही मामला
आलिया भट्ट इससे पहले भी अपने फैन्स के साथ व्यवहार को लेकर चर्चा में रही हैं। 2024 में एयरपोर्ट का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक फैन अभिनेत्री के साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उनके बॉडीगार्ड ने फैन को पीछे खींच लिया था।
आलिया ने यह देखकर नाराजगी जताई थी और अपने बॉडीगार्ड को किसी को छूने से मना किया था। इसके बाद उन्होंने खुद उस प्रशंसक को अपने पास बुलाया और उसके साथ तस्वीर खिंचवाई थी। इससे साफ है कि आलिया अपने फैन्स से मिलने-जुलने को लेकर सहज रहती हैं, लेकिन भीड़ और सुरक्षा को लेकर सावधानी भी जरूरी है।
बहन शाहीन का मजेदार किस्सा भी सुनाया
ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम के दौरान आलिया ने अपनी बहन शाहीन भट्ट के बचपन से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी साझा किया। कार्यक्रम में उनसे कुछ चर्चित जेन-जी शब्दों के अर्थ पूछे गए। इसी दौरान ‘रेजबेट’ शब्द की व्याख्या करते हुए आलिया ने बताया कि बचपन में उनकी बहन शाहीन उन्हें चिढ़ाया करती थीं।
आलिया ने बताया कि शाहीन उनसे कहती थीं कि वह पार्ले-जी के साथ फ्री आई हैं और वह वास्तव में अपने माता-पिता की बेटी नहीं हैं। आलिया के मुताबिक, जब वह करीब चार साल की थीं, तब शाहीन उन्हें इस तरह चिढ़ाया करती थीं।
चार नए कलाकारों को लॉन्च कर रही हैं आलिया
आलिया भट्ट अब अभिनय के साथ-साथ प्रोडक्शन के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। आगामी फिल्म में चार नए कलाकारों को प्रमुख भूमिकाओं में पेश किया जा रहा है। इनमें आरुषि बजाज, पीयूष खाती, अंश दुग्गल और बियांका अरोड़ा शामिल हैं।
फिल्म के साथ एक नए निर्देशक को भी मौका दिया जा रहा है। कार्यक्रम में आलिया ने कहा कि करीब 14 साल पहले उन्होंने एक कलाकार के तौर पर फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था और अब वह नए कलाकारों तथा एक नए निर्देशक को दर्शकों के सामने पेश कर रही हैं।
प्रोड्यूसर बनने से मिलती है अलग खुशी
आलिया ने प्रोड्यूसर के तौर पर काम करने के अनुभव को लेकर कहा कि उन्हें कैमरे के सामने रहना और अभिनय करना पसंद है, लेकिन फिल्म निर्माण की प्रक्रिया से मिलने वाली संतुष्टि अलग तरह की है।
उनके मुताबिक, कहानी और फिल्म की दुनिया को शुरुआत से तैयार करने में पूरी टीम ने मेहनत की। फिल्म का आइडिया लेकर टीम उनके पास पहुंची थी और इसके बाद इसे तैयार करने की प्रक्रिया करीब दो साल तक चली।
फिल्म 25 सितंबर को प्राइम वीडियो पर रिलीज होने वाली है।
News Wani
