मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के खजरी गांव में महज 13 दिन पहले जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं अब मातम पसरा हुआ है। आरोप है कि नई नवेली दुल्हन पर उसके जेठ की नीयत खराब हो गई और उसने अकेला पाकर महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया।
जानकारी के मुताबिक 23 वर्षीय युवती की शादी करीब दो सप्ताह पहले ही खजरी गांव में हुई थी। शादी के बाद परिवार में खुशी का माहौल था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह युवती का पति किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान उसका जेठ कमरे में पहुंच गया और कथित तौर पर दुल्हन के साथ अश्लील हरकत करने लगा। पीड़िता ने जब विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपी बौखला गया। आरोप है कि उसने महिला के साथ मारपीट की और उसके साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो युवती गंभीर हालत में मिली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी जेठ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और महिला से जबरदस्ती करने की कोशिश की बात सामने आई है। गांव में इस घटना के बाद भारी आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस घर में कुछ दिन पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। घटना ने रिश्तों की मर्यादा और भरोसे को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
News Wani
