लखनऊ। हजरतगंज क्षेत्र में 11 वर्षीय बच्ची के साथ गलत हरकत और जबरदस्ती करने के आरोप में पुलिस ने एक ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है। बच्ची के पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।
शिकायत के अनुसार, आरोपी बच्ची के पिता की गैरमौजूदगी में घर आता था। आरोप है कि इसी दौरान वह बच्ची के साथ जबरदस्ती करता और उसे गलत तरीके से छूता था। बच्ची द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उसे डराने-धमकाने की कोशिश की। डर के कारण बच्ची ने तत्काल अपने परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी।
बाद में बच्ची ने अपने पिता को पूरी बात बताई, जिसके बाद उन्होंने हजरतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
डालीबाग के पास से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी डालीबाग स्थित एकता वन के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी ऑटो चालक मोनू कश्यप (30) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि, बच्ची द्वारा लगाए गए जबरदस्ती और गलत तरीके से छूने के आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में बच्ची के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
