Breaking News

कानपुर में घर में घुसकर युवक की हत्या, पत्नी पर भी हमला; लूट के बाद CCTV DVR ले गए बदमाश

कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। खेत में बने मकान में रह रहे 30 वर्षीय मुमताज उर्फ कल्लू की दो बदमाशों ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पति को बचाने पहुंची पत्नी शाहजहां को भी आरोपियों ने बुरी तरह पीटा। वारदात के बाद बदमाश बाइक, नकदी और जेवरात लूटकर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। उन्होंने परिवार से जेवरात देने की मांग की। विरोध करने पर मुमताज पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। पत्नी ने पुलिस को बताया कि बदमाश बार-बार घर में रखे जेवरात के बारे में पूछ रहे थे।

वारदात के दौरान दंपती की चार महीने की बच्ची भी घर में मौजूद थी। बदमाशों के भागने के बाद घायल शाहजहां बच्ची को गोद में लेकर खून से लथपथ हालत में घर से बाहर निकली और मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी।

परिजन मुमताज को बिधनू सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शाहजहां को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

छह CCTV कैमरों की DVR भी ले गए

बदमाशों ने लूट के साथ घर में लगे करीब छह CCTV कैमरों की DVR भी अपने साथ ले ली, ताकि पुलिस को फुटेज से सुराग न मिल सके। सूचना पर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और डॉग स्क्वायड की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान डॉग स्क्वायड घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर गांव के ही एक घर तक पहुंचा। पुलिस ने वहां रहने वाले लोगों से पूछताछ की है।

सीमा विवाद में उलझी पुलिस, बाद में शुरू हुई जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद साढ़ और बिधनू पुलिस के बीच करीब 45 मिनट तक सीमा को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के पहुंचने पर जांच तेज की गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही घायल महिला और परिजनों से जानकारी ली।

हत्या के खुलासे के लिए सात टीमें गठित

कानपुर पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच, SWAT और सर्विलांस समेत सात पुलिस टीमों को लगाया है। पुलिस बदमाशों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों में जांच कर रही है। CCTV DVR बरामद करना भी पुलिस के लिए अहम चुनौती है।

About NW-Editor

Check Also

फजलगंज थाने में सिख समाज का प्रदर्शन, आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग, वीडियो जारी कर जताया खेद

कानपुर में सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *