फतेहपुर। सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज, शिवपुरम हरिहरगंज में छात्र तेजस द्विवेदी उर्फ यशु की मौत का मामला एक बार फिर तूल पकड़ता नजर आ रहा है। मामले में बजरंग सेना ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मृतक छात्र के परिवार को न्याय दिलाने और घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। संगठन ने विद्यालय के फरार प्रबंधक राकेश त्रिवेदी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कार्रवाई न होने पर विद्यालय घेराव की चेतावनी दी है।
बजरंग सेना जिलाध्यक्ष ठाकुर चंदन सिंह राणा की ओर से पुलिस अधीक्षक को दिए गए पत्र में कहा गया है कि सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज, शिवपुरम हरिहरगंज में मृतक छात्र तेजस द्विवेदी उर्फ यशु के साथ घटित घटना को लेकर परिवार और बजरंग सेना में आक्रोश एवं पीड़ा है। पत्र में आरोप लगाया गया कि अब तक उचित कार्रवाई न होने के कारण पीड़ित परिवार की आवाज उठाते हुए संगठन ने पुलिस प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उन तीन छात्रों को बुलाकर पूछताछ की जाए, जिनके संबंध में घटना को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। साथ ही संगठन ने मामले में फरार चल रहे विद्यालय प्रबंधक राकेश त्रिवेदी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
बजरंग सेना ने यह भी मांग की है कि सरकारी अवकाश के दिन भी विद्यालय खोले जाने की बात सामने आई है तो इसकी जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। संगठन का कहना है कि पूरे मामले में पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
प्रार्थना पत्र में बजरंग सेना ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उनकी मांगों पर एक सप्ताह के भीतर उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो संगठन के कार्यकर्ता और परिवार विद्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे। इसके लिए शासन, प्रशासन और संबंधित विद्यालय कर्मचारियों की जिम्मेदारी होगी।
बजरंग सेना ने पुलिस प्रशासन से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में सहयोग की अपील की है। पत्र पर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर भी किए गए हैं।
इस मौके पर सज्जन त्रिवेदी, राजन मौर्य, आशीष कुमार, धीरज कुमार, गौरव कुमार, मीना देवी, हेमंत शुक्ला, सरिता दिवाकर आदि मौजूद रहे।
News Wani
