फतेहपुर। मोबाइल फोन खोने के बाद उसके वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर मंगलवार को उस समय मुस्कान लौट आई, जब पुलिस ने 103 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से करीब 16 लाख रुपये कीमत के मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए गए। मंगलवार को पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में एसपी ने सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मोबाइल गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जनपदीय सीसीटीएनएस टीम और सभी थानों की सीसीटीएनएस टीम को सक्रिय किया गया था। सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से लगातार निगरानी कर मोबाइल फोन की तलाश की गई। पुलिस के प्रयासों से फतेहपुर के अलावा गैर जनपदों और दूसरे राज्यों से भी विभिन्न कंपनियों के 103 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इस अभियान के तहत कोतवाली से आठ, मलवां से सात, खागा से छह, किशनपुर से चार, बिंदकी से 13, जहानाबाद से आठ, गाजीपुर से 14, थरियांव से सात, हथगाम से छह और राधानगर से आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों से भी मोबाइल फोन बरामद हुए।
एसपी ने बताया कि पिछले महीने बरामद किए गए 132 मोबाइल फोन में से छह उनके मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। शेष 126 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जो लोग जिला मुख्यालय या संबंधित थाने तक नहीं पहुंच सकते, पुलिस उनके घर जाकर मोबाइल फोन सौंपेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सीईआईआर पोर्टल पर अधिकतर शिकायतें मोबाइल फोन खोने या गिरने से संबंधित होती हैं। हालांकि, चोरी और छिनैती के मामले सामने आने पर पुलिस उनकी गहनता से जांच कर साक्ष्य जुटाती है। किसी गिरोह की संलिप्तता पाए जाने पर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
मोबाइल फोन बरामद करने के इस अभियान में जनपदीय सीसीटीएनएस टीम और सभी थानों की सीसीटीएनएस टीम का सराहनीय योगदान रहा।
News Wani
