Breaking News

पंजाब में बम धमकी से हड़कंप: सिविल सचिवालय और धार्मिक स्थलों को उड़ाने की ईमेल, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

नई दिल्ली. पंजाब में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पंजाब सिविल सचिवालय और राज्य के कई प्रमुख हिंदू धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला. धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और सभी संवेदनशील स्थानों पर जांच और तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया. जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:36 बजे पंजाब सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ में संबंधित अधिकारियों को एक ईमेल प्राप्त हुआ.

ईमेल भेजने वाले ने दावा किया कि वह दोपहर 1.11 बजे से 3.11 बजे के बीच पंजाब सिविल सचिवालय परिसर में बम धमाका करेगा. इसके साथ ही राज्य के कई प्रमुख मंदिरों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई. धमकी में जिन धार्मिक स्थलों का उल्लेख किया गया, उनमें अमृतसर का दुर्गियाना मंदिर, पठानकोट का मुक्तेश्वर मंदिर, जालंधर का देवी तालाब मंदिर, बठिंडा का मैसर मंदिर और पटियाला का काली देवी मंदिर शामिल हैं. ईमेल में इन स्थानों पर भी बम विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी.

सूत्रों के मुताबिक, धमकी भरे संदेश में ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी का भी जिक्र किया गया था. संदेश की भाषा भड़काऊ और बदले की भावना से प्रेरित बताई जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के संदेश का उद्देश्य लोगों में डर और दहशत फैलाना तथा सांप्रदायिक तनाव पैदा करना हो सकता है. धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, खुफिया एजेंसियों और अन्य सुरक्षा बलों को तुरंत अलर्ट कर दिया गया.

सचिवालय परिसर के अलावा सभी चिन्हित मंदिरों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बम निरोधक दस्तों, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस की मदद से व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं. फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री के मिलने की सूचना नहीं है. सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है.

About NW-Editor

Check Also

दिल्ली में बड़ा हादसा: पांच मंजिला पीजी इमारत भरभराकर गिरी, छह लोगों की मौत, मलबे से 12 लोगों को निकाला गया

  नई दिल्ली। राजधानी के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे पांच …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *