सुपरपावर समर कैंप के समापन समारोह में छात्रों ने पेश किए शानदार एआई प्रोजेक्ट्स
– सम्मानित प्रतिभागियों के साथ अतिथि
फतेहपुर। आईटीआई रोड स्थित डॉ. वीरेन्द्र स्वरूप पब्लिक स्कूल में नेक्सस इंटेलिजेंस द्वारा आयोजित सात दिवसीय ष्एआई सुपरपावर समर कैंप-2026ष् का समापन एआई स्टूडेंट शोकेस एवं सम्मान समारोह के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवाचारी प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत कर अपनी तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला थाना प्रभारी संगीता सिंह रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर कृष्णा उप्पल तथा ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नई तकनीकों की समझ भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सात दिवसीय कैंप में कक्षा 4 से 9 तक के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, रचनात्मक सोच, जिम्मेदार तकनीकी उपयोग और समस्या समाधान जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपने एआई आधारित मॉडल और प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए, जिन्हें अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. वीरेन्द्र स्वरूप पब्लिक स्कूल एवं ब्रिलियंट ओरिएंटल स्कूल के विद्यार्थियों के बीच मैत्रीपूर्ण एआई प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में जैद मझहर को एआई एक्सप्लोरर अवॉर्ड, सृष्टि को मोस्ट क्यूरियस माइंड अवॉर्ड तथा एकरा को मोस्ट इम्प्रूव्ड अवॉर्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। मुख्य अतिथि संगीता सिंह ने कहा कि तकनीक के इस दौर में बच्चों का नई तकनीकों से परिचित होना समय की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें तकनीक का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना भी सिखाते हैं। नेक्सस इंटेलिजेंस के संस्थापक एवं प्रोग्राम लीड फैज़ान खान ने कहा कि संस्था का उद्देश्य बच्चों को केवल एआई टूल्स का उपयोग सिखाना नहीं, बल्कि उन्हें तकनीक की गहराई समझाकर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा बाजपेयी ने अतिथियों, अभिभावकों एवं नेक्सस इंटेलिजेंस की टीम का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन छात्र सम्मान, प्रमाण-पत्र वितरण और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर फहमी मजहर, शिव कुमार, उत्कर्ष पटेल, अनन्या, अनामिका सिंह, जुनेराह सैय्यद, विभोर एवं अंजनीश सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं विद्यालय प्रबंधन के सदस्य उपस्थित रहे।

News Wani