फतेहपुर। सावन के तीसरे सोमवार को जिले के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। पूजन और जलाभिषेक के लिए भोर पहर से ही भक्त मंदिर पहुंचने लगे। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, दूध, फल, धतूरा आदि अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर और घरों में रुद्राभिषेक व धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए।
सावन के तीसरे सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। जलाभिषेक के लिए भक्तों को लंबी-लंबी कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। कहीं कांवड़ियों के जत्थे नजर आए तो कहीं शिव बारात से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। सावन माह में सोमवार का विशेष महत्व होता है। इस माह पड़ने वाले प्रत्येक सोमवार को शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। महिलाओं और किशोरियों में भी पूजा-अर्चना को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
शहर के तांबेश्वर मंदिर, मोटे महादेवन, बड़ा शिवाला समेत अन्य शिव मंदिरों में भोर पहर से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाओं समेत अन्य शिव भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शिव मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर परिसर से लेकर अंदर तक जवानों की तैनाती रही। पूजा-अर्चना का सिलसिला शाम तक चलता रहा।
वहीं, गंगा घाटों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने पहुंचे। सिद्धपीठ मंदिर तांबेश्वर में विशाल मेले का भी आयोजन हुआ। भक्तों ने पूजा-अर्चना के बाद मेले में खरीदारी की। महिलाओं ने घरेलू सामान तो बच्चों ने खिलौनों की खरीदारी में रुचि दिखाई। बच्चों ने मेले में लगे झूलों का भी आनंद लिया। दुकानदार आकर्षक दामों पर सामान उपलब्ध कराने का दावा करते हुए ग्राहकों को अपनी दुकानों की ओर बुलाते नजर आए।
कड़ी परिक्रमा के साथ पहुंचे श्रद्धालु
शिवभक्ति के लिए भक्त अलग-अलग तरीकों से मंदिर पहुंचे। सोमवार को कई महिला और पुरुष श्रद्धालु कड़ी परिक्रमा करते हुए तांबेश्वर मंदिर पहुंचे। अपनी मान्यता के अनुसार किसी ने घर से लेटते हुए मंदिर तक का सफर तय किया तो किसी ने नंगे पैर चलकर मंदिर पहुंचकर भोले बाबा की पूजा-अर्चना की और उनकी स्तुति की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
News Wani
