राष्ट्रपति को भेजा गया 13 सूत्रीय ज्ञापन
– प्रदर्शन करते यूनियन के कार्यकर्ता
खागा, फतेहपुर। उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन जिला काउंसिल फतेहपुर के आह्वान पर मंगलवार को तहसील परिसर में खेत मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के उपरांत कार्यकर्ताओं ने 13 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उप जिलाधिकारी खागा के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा। ज्ञापन में बी.बी.जी. रामजी विधायक योजना को वापस लेने तथा मनरेगा को उसके पुराने स्वरूप में तत्काल बहाल करने की मांग की गई। यूनियन ने सभी ग्रामीण खेत मजदूरों एवं मनरेगा श्रमिकों को वर्ष में 200 दिन रोजगार तथा 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी की गारंटी देने, काम न मिलने पर बेरोजगारी भत्ता प्रदान करने और 55 वर्ष की आयु पूरी करने वाले खेत मजदूरों को न्यूनतम 6000 रुपये मासिक पेंशन देने की मांग उठाई। इसके अलावा मनरेगा के लिए ढाई लाख करोड़ रुपये का बजट जारी करने, खेत मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देने तथा जल, जंगल और जमीन पर उनके अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की गई। धारा 132, ऊसर-बंजर एवं ग्राम सभा की भूमि पर वर्षों से बसे लोगों को बेदखल न करने और उन्हें मालिकाना हक देने की भी मांग रखी गई। यूनियन ने प्रत्येक खेत मजदूर को पक्का आवास हेतु 15 डिसमिल भूमि और पांच लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा कृषि कार्य के लिए भूमि पट्टे पर देने की मांग की। धरने में जिला अध्यक्ष सुमन सिंह चौहान, राज्य सचिव फूलचंद पाल, जिला मंत्री रामकृष्ण हेगड़े, छोटेलाल, राजेंद्र हंस, मोतीलाल एडवोकेट, नेम सिंह एडवोकेट, शिवनारायण साहू, जंग बहादुर सिंह, विनोद कुमार एडवोकेट, अतुल कुमार एडवोकेट, ज्ञानेंद्र सिंह एडवोकेट, खुर्शीद अहमद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

News Wani