पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम ने भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर लगे प्रतिबंध को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि भारत में उनके गानों पर रोक के बावजूद फैंस वीपीएन के जरिए उनका संगीत सुनते हैं। आतिफ ने कहा कि उन्हें भारत में काम करने की नहीं, बल्कि अपने भारतीय फैंस की याद आती है।
रेडियो प्रेजेंटर क्रिस फेड के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान आतिफ ने बताया कि भारत में उन्हें बैन हुए करीब 10 साल हो चुके हैं। उनके मुताबिक, यह भारतीय सरकार का फैसला था और इस दौरान उन्होंने भारत में कोई नया गाना रिलीज नहीं किया।
आतिफ ने कहा कि भारतीय फैंस आज भी उनके संगीत से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि कई लोग वीपीएन के जरिए उनके गाने सुनते हैं और कुछ लोग गानों की सीडी बनाकर दूसरों तक पहुंचाते हैं। हालांकि, उन्होंने पाइरेसी को बढ़ावा देने से इनकार किया और कहा कि संगीत जहां पहुंचना होता है, वहां पहुंच ही जाता है।
भारतीय फैंस के लिए कही खास बात
आतिफ असलम ने भारतीय फैंस से उदास नहीं होने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने भारतीय प्रशंसकों की याद आती है। साथ ही उन्होंने माना कि भारत में काम पर लगे प्रतिबंध ने उन्हें अपने संगीत पर अधिक ध्यान देने का मौका दिया।
उन्होंने कहा कि प्लेबैक सिंगिंग से उन्होंने काफी कुछ सीखा और अगर प्रतिबंध नहीं लगा होता तो शायद वह अपना खुद का संगीत बनाने की दिशा में आगे नहीं बढ़ पाते। इसके लिए उन्होंने भारतीय फैंस का शुक्रिया भी अदा किया।
भारत में बेहद लोकप्रिय रहे आतिफ
आतिफ असलम के गाने भारत में लंबे समय तक काफी लोकप्रिय रहे हैं। ‘आदत’, ‘वो लम्हे’, ‘तेरा होने लगा हूं’, ‘तू जाने ना’, ‘जीना जीना’, ‘तेरे संग यारा’ और ‘पहली नजर में’ जैसे उनके कई गानों को भारतीय संगीत प्रेमियों ने पसंद किया।
भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध की शुरुआत भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच हुई थी। 2016 के उरी आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी कलाकारों के भारतीय मनोरंजन उद्योग में काम करने को लेकर विरोध बढ़ा। 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के बाद भी पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध की मांग और तेज हुई।
2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने के बाद भारत में पाकिस्तानी फिल्मों, वेब सीरीज, गानों और अन्य कंटेंट पर भी रोक लगाई गई। इसी वजह से आतिफ असलम जैसे पाकिस्तानी कलाकारों का भारतीय मनोरंजन जगत से जुड़ाव सीमित हो गया है।
News Wani
