Breaking News

बाढ़ प्रभावित पलटू का पुरवा पहुंचे डीएम व एसपी

– अधिकारियों को किया अलर्ट, फसल बीमा कैंप लगाने के निर्देश
– बाढ़ प्रभावित पलटू का पुरवा में निरीक्षण करते डीएम व एसपी।
फतेहपुर। आगामी वर्षा ऋतु और संभावित बाढ़ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र ग्रामसभा पलटू का पुरवा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पलटू का पुरवा स्थित तालाब का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब के किनारे कटान होने के कारण बाढ़ का पानी गांव में प्रवेश कर जाता है, जिससे हर वर्ष लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। इस पर जिलाधिकारी ने आपदा विशेषज्ञ को शासन स्तर पर बजट स्वीकृति के लिए पुनः रिमाइंडर भेजने के निर्देश दिए, ताकि तालाब पर बंधा निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जा सके और गांव को बाढ़ के खतरे से सुरक्षित किया जा सके। जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से सुरक्षा प्रदान करने के लिए फसल बीमा योजना के अंतर्गत अगले दिन ग्रामसभा में विशेष कैंप लगाया जाए और अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने चकबंदी विभाग को भी निर्देश दिए कि ग्रामसभा में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बारात घर, बाढ़ शरणालय तथा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। ग्राम सभा के प्राथमिक विद्यालय में विकास कार्यों की पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि गांव में कराए गए सभी विकास कार्यों की सूची विद्यालय परिसर में चस्पा कराई जाए, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं और खर्च की जानकारी आसानी से मिल सके। इसके अलावा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओं का समय से टीकाकरण कराने तथा ग्रामसभा में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अपने-अपने विभागों से संबंधित तैयारियां समय रहते पूरी कर लें, ताकि बरसात और बाढ़ के दौरान ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनय पांडेय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुनील कुमार, उपजिलाधिकारी सदर अनामिका श्रीवास्तव, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

राजनीतिक साजिश के तहत दर्ज कराया बिजली चोरी का मुकदमा: आदित्य

– भाजपा को बदनाम करने व राजनीतिक लाभ लेने के लिए परिवार को बनाया निशाना …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *