इटावा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने रविवार को तहसील चकरनगर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पचनदे धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संगम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आगामी पर्वों के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा संगम स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग एवं मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्नान घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती, चौबीसों घंटे पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मंदिर परिसर एवं घाटों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के वाहनों हेतु चिन्हित स्थलों पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने तथा प्रभावी यातायात योजना लागू करने के निर्देश दिए, जिससे जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आगामी सभी त्योहारों को आपसी सौहार्द, शांति और सुरक्षा के साथ संपन्न कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी चकरनगर, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

News Wani