इटावा। मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद में संचालित विशेष गौ संरक्षण अभियान के तहत निराश्रित गौवंशों के संरक्षण एवं सुरक्षित आश्रय की दिशा में लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। अभियान के अंतर्गत विकास खंड बढ़पुरा की ग्राम पंचायत पूरा रेवाड़ी एवं ग्राम पंचायत असवा में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के समन्वित सहयोग से गौवंशों को सुरक्षित गौआश्रय स्थलों तक पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी है।
अभियान के तहत अब तक 57 निराश्रित गौवंशों को सुरक्षित रूप से गौआश्रय स्थलों में संरक्षित कराया जा चुका है। इनमें अस्थायी गौआश्रय स्थल बेला में 22 गौवंश, अस्थायी गौआश्रय स्थल बढ़पुरा में 35 गौवंश तथा अन्य गौवंशों को सुरक्षित रूप से गौआश्रय स्थल पंचायगांव में स्थानांतरित किया गया है। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी संरक्षित गौवंशों को समुचित देखभाल, चारा, पानी एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष गौ संरक्षण अभियान पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ निरंतर संचालित रखा जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विचरण कर रहे शेष निराश्रित गौवंशों को चिन्हित कर उन्हें भी निकटवर्ती गौआश्रय स्थलों में सुरक्षित पहुंचाने की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए, जिससे उनके संरक्षण, भरण-पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित हो सकें।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में गौवंश को निराश्रित अवस्था में न छोड़ें। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर गौवंश को परित्यक्त अथवा निराश्रित अवस्था में छोड़ता हुआ पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध प्रचलित विधिक प्रावधानों एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अभियान पूर्ण होने के उपरांत संरक्षित सभी गौवंशों की ईयर टैगिंग पशुपालन विभाग द्वारा कराई जाएगी, जिससे उनका अभिलेखीकरण, पहचान एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने जनपदवासियों से विशेष गौ संरक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा निराश्रित गौवंशों के संरक्षण के लिए प्रशासन का निरंतर सहयोग करने की अपील की।

News Wani