तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उस समय अजीब स्थिति बन गई, जब स्टेडियम निर्माण की मांग को लेकर कुछ हॉकी खिलाड़ी बड़ी संख्या में कॉलेज की छात्राओं को साथ लेकर पहुंच गए। स्कूल समय में छात्राओं की मौजूदगी पर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कड़ा रुख अपनाते हुए मामले की जांच की और संबंधित लोगों को फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से अलग-अलग बातचीत कर समाधान दिवस में आने का कारण पूछा। अधिकांश छात्राएं स्टेडियम की मांग के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकीं। इसके बाद जिलाधिकारी ने मौके पर कॉलेज के प्रधानाचार्य को बुलाकर स्पष्टीकरण मांगा।
प्रधानाचार्य ने बताया कि छात्राओं को जिलाधिकारी के स्वागत के लिए स्काउट-गाइड के रूप में भेजा गया था और उन्हें स्टेडियम संबंधी किसी मांग की जानकारी नहीं थी। इस पर जिलाधिकारी ने हॉकी खिलाड़ियों को छात्राओं का इस प्रकार उपयोग कर अपनी मांग रखने का तरीका अनुचित बताते हुए नाराजगी व्यक्त की और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न करने की चेतावनी दी।
शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 40 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, उप जिलाधिकारी प्रिंस कुमार, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सोलंकी, थाना प्रभारी विकास कुमार, नायब तहसीलदार श्याम सुंदर, अधिशासी अधिकारी सतीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

News Wani