न्यूज़ वाणी ब्यूरो
फतेहपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थी चौराहा स्थित निजी आरके हॉस्पिटल में जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पांच टीबी मरीजों को पोषण आहार वितरित किया गया। टीबी उन्मूलन की दिशा में सहयोग के लिए हॉस्पिटल संचालक डॉ. रवि आनंद को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ओपीडी में आए मरीजों को टीबी रोग के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि दो सप्ताह से लगातार खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, बलगम या बलगम के साथ खून आना, सीने में दर्द, वजन कम होना, भूख न लगना तथा गर्दन में गिल्टी या गांठ टीबी के संभावित लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर जांच कराने की सलाह दी गई।
जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जांच में टीबी की पुष्टि होने पर सरकारी अस्पताल से निःशुल्क उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की ओर से सरकारी अथवा निजी क्षेत्र में उपचार करा रहे प्रत्येक टीबी मरीज को इलाज के दौरान पोषण आहार के लिए प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता प्रदान की जाती है।
एसटीएस अजीत सिंह एवं पीपीएम राकेश कुमार ने बताया कि निक्षय पोषण योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अब फेस वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य है। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है।
कार्यक्रम में लोगों से टीबी उन्मूलन अभियान में सहयोग की अपील करते हुए “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया गया।

News Wani