फतेहपुर। शहर से लेकर कस्बों तक चरमराती यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में अधिकारियों और यातायात कर्मचारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। एसपी ने साफ निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात उपलब्ध कराने के लिए पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ ड्यूटी निभाएं।
समीक्षा बैठक में जनपद की यातायात व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। एसपी ने अधिकारियों को यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर यातायात संचालन के दौरान पुलिस की मौजूदगी और सक्रियता बनी रहनी चाहिए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे।
एसपी ने यातायात व्यवस्था के प्रभावी संचालन के साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी यातायात सहित यातायात विभाग के समस्त अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
News Wani
