फतेहपुर। शहर सहित जिले में कृषि कार्य के लिए बनाए गए ट्रैक्टरों से माल ढुलाई किए जाने को लेकर ट्रक ऑपरेटर्स (लोकल ट्रक यूनियन) के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की।
ट्रक ऑपरेटर लोकल ट्रक यूनियन के अध्यक्ष राज लोधी की अगुवाई में पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपते हुए बताया कि ट्रक ऑपरेटर सभी निर्धारित मानकों के अनुसार माल लोड करते हैं, जबकि ट्रैक्टर बिना रजिस्ट्रेशन के कम दरों पर माल की ढुलाई कर रहे हैं।
ट्रक ऑपरेटर्स का आरोप है कि बिना टैक्स और बीमा के माल की ढुलाई किए जाने से सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि ये सभी ट्रैक्टर कृषि कार्य के लिए पंजीकृत हैं, लेकिन इनका व्यावसायिक रूप से माल ढुलाई में इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रेलवे साइडिंग और गोदामों से ट्रैक्टरों में 20 से 25 टन तक माल लोड कर शहर के अंदर से बिना किसी रोक-टोक के आवागमन किया जा रहा है। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। ट्रक ऑपरेटर्स के मुताबिक, ऐसे ट्रैक्टरों के संचालन के कारण कई ट्रकों का बीमा और टैक्स परमिट फेल होने के चलते वाहन खड़े हो गए हैं।
ट्रक ऑपरेटर्स ने मांग की कि नियमों का उल्लंघन कर माल ढुलाई करने वाले ट्रैक्टर मालिकों और चालकों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए, ताकि ट्रक व्यवसाय से जुड़े लोगों को हो रहे नुकसान को रोका जा सके और सरकारी राजस्व की भी सुरक्षा हो।
इस मौके पर दिनेश तिवारी, धुन्नी सिंह, इमरान खान, नसीम अहमद, नौशाद, ननकू, देवेश कुमार त्रिवेदी, बृजेश कुमार, अभिषेक मौर्य आदि मौजूद रहे।
News Wani
