फतेहपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला पर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और जुबां पर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “अमर शहीदों की जय” के जयघोष के साथ निकले राष्ट्रभक्तों के उत्साह से पूरा शहर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत पटेल नगर चौराहे से हुई और यह ठाकुर दरियाव सिंह स्मारक, ज्वालागंज पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में भाजपा के जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों, मंडल एवं मोर्चा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया।
यात्रा का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ज्वालागंज स्थित अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह स्मारक पहुंची। यहां समापन के अवसर पर अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिले के प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। उन्होंने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों के योगदान को याद किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोगों और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
यात्रा के दौरान प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल और भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव कल्याणपुर पहुंचे। वहां उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय विश्वनाथ खन्ना के घर जाकर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया और उनके परिजनों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
तिरंगा यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा और उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग पर देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा में विधायक राजेंद्र पटेल, जय कुमार सिंह जैकी, पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक करण सिंह पटेल, विक्रम सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी, प्रभुदत्त दीक्षित, दिनेश बाजपेई, प्रमोद द्विवेदी, आशीष मिश्रा, पुष्पराज पटेल, पंकज त्रिवेदी, नीरज सिंह, सुनीता गुप्ता, अपर्णा सिंह गौतम, कुलदीप भदौरिया, प्रवीण सिंह, विकास पासवान, ओम मिश्रा, विमल पांडेय, संतोष गुप्ता, रामबहादुर पासवान, प्रसून तिवारी, अखिलेश कुमार, विवेक श्रीवास्तव, राधा साहू, गीता सिंह, अमित शिवहरे, मधुराज विश्वकर्मा, ज्योति प्रवीण सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
News Wani
