फतेहपुर। बुजुर्गों के बेहतर स्वास्थ्य और देखभाल के उद्देश्य से गुरुवार को मलवां स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में निःशुल्क होम्योपैथिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं औषधि वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का नेतृत्व इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया। शिविर में वृद्धजनों के स्वास्थ्य एवं रक्तचाप की जांच की गई तथा उन्हें निःशुल्क होम्योपैथिक दवाएं वितरित की गईं।
डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने वृद्धाश्रम में रहने वाले सभी बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकांश वृद्धजन सर्दी, खांसी, जुकाम, जोड़ों के दर्द और पाचन संबंधी समस्याओं से पीड़ित पाए गए। इसके बाद उनकी जरूरत के अनुसार उन्हें होम्योपैथिक दवाएं प्रदान की गईं।
शिविर का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच और उचित देखभाल के प्रति जागरूक करना था। इस पहल से वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी लाभ मिला।
इस अवसर पर वृद्धाश्रम के वार्डन अशोक कुमार, कल्पना श्रीवास्तव तथा इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के होम्योपैथिक केमिस्ट प्रकोष्ठ के संयोजक अभिनव श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
News Wani
