मोदीनगर (गाजियाबाद)। गाजियाबाद जनपद में मुरादनगर थाना क्षेत्र के गांव रावली कला में शनिवार तड़के 80 वर्षीय पति ने चारपाई पर सो रही पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर रावली पुलिस चौकी पहुंचा और बोला पत्नी को काटकर आया हूं। मैं हत्यारा हूं। मुझे जेल भेज दो। पुलिस उसे हिरासत में लेकर मौके पर पहुंची तो पत्नी का शव मिला। बताया गया कि घरेलू कलह में आक्रोशित होकर आरोपी द्वारा वारदात को अंजाम दिया गया। अभी पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। मूलरूप से गाजियाबाद के मोरटा के रहने वाले हरपाल (80) अपनी पत्नी उर्मिला (72) के साथ पिछले चार साल से बेटी कंचन की ससुराल मुरादनगर के गांव रावली में रहते थे। उन्हें कोई बेटा नहीं था। ऐसे में वे बेटी के यहां रहने लगे।
शुक्रवार रात में दोनों के बीच हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच घेरलू कलह को लेकर विवाद चल रहा था। कई बार गाली-गलौज भी हो चुकी थी। शुक्रवार रात भी दोनों में कहासुनी हुई थी। जिसके बाद दोनों अलग-अलग सोने चले गए।
कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार
बताया गया कि उर्मिला बरामदे में चारपाई पर सो रही थी। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे हरपाल कुल्हाड़ी लेकर आया और उर्मिला पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। इसके बाद वह चौकी पर पहुंचा। आनन-फानन में पुलिस दौड़ी। खून से लथपथ हालत में उर्मिला को सीएचसी लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बेटी व दामाद गए थे मेरठ, घर पर थे दोनों नाती
शुक्रवार रात को बेटी कंचन व दामाद किसी काम से मेरठ गए थे। घर पर दोनों नाती कुणाल व अजय थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि नाना नानी के बीच आए दिन झगड़ा होता था। शुक्रवार रात को भी विवाद हुआ था। उस समय कुणाल और अजय कमरे में थे। दोनों के बीच विवाद की आवाज अंदर आ रही थी। कुछ देर बाद दोनों सो गए थे।
News Wani
