न्यूज़ वाणी ब्यूरो, कमासिन (बांदा)। बांदा जिले के कमासिन थाना क्षेत्र के एक गांव की अनुसूचित जाति की महिला ने अपने पड़ोसी पर छेड़खानी, जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और न्याय दिलाने की मांग की है।
महिला के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 की शाम करीब सात बजे वह घर से बाहर जा रही थी। इसी दौरान पड़ोसी प्रमोद मिश्रा ने कथित तौर पर उसका हाथ पकड़कर जबरन घसीटने का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि शोर मचाने पर उसके पति मौके पर पहुंचे तो आरोपी पक्ष ने उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर 10 अक्टूबर को कमासिन थाने में मुकदमा संख्या 265/26 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75, 115(2) और 352 तथा एससी-एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(va) के तहत कार्रवाई की गई।
महिला का आरोप है कि मामले में पुलिस ने उस पर समझौता करने का दबाव बनाया। पीड़िता के मुताबिक, समझौता करने से इनकार करने पर आरोपी को थाने बुलाया गया और इसके बाद उसके तथा उसके पति के खिलाफ भी मुकदमा संख्या 266/2026 दर्ज कर लिया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि संबंधित पक्ष प्रभावशाली है और थाना पुलिस मामले में पक्षपात कर रही है। इसी वजह से उसने दोनों मुकदमों की जांच किसी अन्य सक्षम अधिकारी से कराने की मांग की है, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके और सच्चाई सामने आ सके।
News Wani
