Breaking News

खराब सड़क के विरोध में GEN-अल्फा ने किया हाईवे जाम: महोबा में 3 घंटे प्रदर्शन, पुलिस पर घसीटकर हटाने और बदसलूकी का आरोप

 

महोबा में खराब सड़क और जलभराव से परेशान रैपुरा कलां गांव के स्कूली बच्चों ने झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बच्चों का आरोप है कि गांव को जोड़ने वाला 3 किलोमीटर का रास्ता गड्डों और जलभराव से पूरी तरह खराब हो चुका है। इससे स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है। ई-रिक्शा व ऑटो पलटने से कई बच्चे घायल भी हो चुके हैं। प्रदर्शन के दौरान बच्चों ने सड़क पर लकड़ी और पत्थर रखकर यातायात रोक दिया। मौके पर पहुंची पुलिस पर प्रदर्शन कर रहे बच्चों के साथ बदसलूकी और बल प्रयोग करने का आरोप लगा है। छात्रों का दावा है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें सड़क से हटाने के लिए घसीटा। घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें पुलिसकर्मी छात्रों को सड़क से हटाते नजर आ रहे हैं।

मामला महोबा सदर तहसील क्षेत्र के रैपुरा कलां गांव का है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली करीब तीन किलोमीटर सड़क लंबे समय से खराब है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह जलभराव हो गया। कई हिस्सों में खुदाई के कारण स्थिति और खराब हो गई है। छात्रों का कहना है कि इस रास्ते से रैपुरा कलां के अलावा मझलवारा, बनियातला और महानपुरा गांवों के लोग भी आवागमन करते हैं। खराब सड़क के कारण ई-रिक्शा और ऑटो के पलटने की घटनाएं होती रहती हैं। इससे कई बच्चे चोटिल हो चुके हैं। स्कूल पहुंचने में भी देरी होती है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इलाके में कई दाल मिलें संचालित हैं। इन मिलों में आने-जाने वाले ओवरलोडेड ट्रकों के कारण सड़क लगातार टूट रही है। आरोप यह भी है कि मिलों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बहता है, जिससे जलभराव की स्थिति बनी रहती है। छात्रों का कहना है कि ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि जब ग्रामीण या बच्चे मिल संचालकों से सड़क पर पानी बहाने और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर विरोध करते हैं तो उन्हें धमकाया जाता है। कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर बच्चों ने हाईवे जाम करने का फैसला लिया। हाईवे जाम की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस और तहसीलदार अभिषेक मिश्रा मौके पर पहुंचे। इस दौरान छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया। छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए बल प्रयोग किया और कुछ पुलिसकर्मियों ने बच्चों के साथ अभद्रता की। छात्राओं को उनके माता-पिता के खिलाफ कार्रवाई और लाठीचार्ज की धमकी दिए जाने का भी आरोप है। प्रदर्शन से जुड़े वीडियो में पुलिसकर्मी कुछ छात्रों को सड़क से हटाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना को लेकर छात्रों में नाराजगी है। छात्रों का कहना है कि सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने की बात करती है, लेकिन खराब सड़क और जलभराव के कारण वे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। उनका कहना है कि सड़क की समस्या का स्थायी समाधान होने तक वे आवाज उठाते रहेंगे। मौके पर पहुंचे तहसीलदार अभिषेक मिश्रा ने छात्रों और ग्रामीणों की समस्या सुनी। उन्होंने मामले को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर सड़क की स्थिति सुधारने और जल्द निर्माण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।

About NW-Editor

Check Also

महोबा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तमंचा और कारतूस के साथ 01अभियुक्त को किया गिरफ्तार

महोबा पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देश में अपराध की रोकथाम एवं आपराधिक घटनाओं को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *