Breaking News

कानपुर में मूसलधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, अपार्टमेंट का बेसमेंट धंसा, 50 से ज्यादा इलाकों में जलभराव

कानपुर। कानपुर में एक बार फिर मानसून ने जोरदार दस्तक दी है। बुधवार तड़के शुरू हुई लगातार बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार थाम दी। तेज बारिश के कारण काकादेव स्थित पर्वकुंज अपार्टमेंट का बेसमेंट अचानक धंस गया, जिससे वहां रह रहे करीब छह परिवारों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी सुरक्षा के लिए तुरंत बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र के हार्मनी अपार्टमेंट का बेसमेंट भी धंस चुका था, जिससे इलाके में लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

लगातार हुई बारिश के चलते शहर के 50 से अधिक इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सर्वोदय नगर, पांडु नगर, काकादेव, कल्याणपुर, जेके मंदिर मार्ग, ईएसआई अस्पताल, रामादेवी, बिल्हौर, नरवल और कई अन्य क्षेत्रों की सड़कें पानी में डूब गईं। कई स्थानों पर वाहन बीच सड़क में फंस गए, जबकि हैलट अस्पताल, वीआईपी रोड और प्रमुख चौराहों पर लंबा जाम लग गया। स्वरूप नगर में पेड़ गिरने से बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया और डायल-112 की बाइक पर पेड़ गिरने से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।

बारिश का असर गंगा के जलस्तर पर भी देखने को मिला। पिछले 24 घंटों में गंगा का जलस्तर करीब 29 सेंटीमीटर बढ़ गया है। हालांकि नदी अभी भी चेतावनी और खतरे के निशान से नीचे बह रही है, लेकिन प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रमुख घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और लोगों को नदी में उतरने से रोका जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में कानपुर में लगभग 50 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वातावरण में नमी और सक्रिय मानसूनी सिस्टम के चलते 7 अगस्त तक कानपुर मंडल में रुक-रुक कर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

About NW-Editor

Check Also

उछाल फाउंडेशन एवं कानपुर बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में सफल रक्तदान शिविर का आयोजन

कानपुर उछाल फाउंडेशन द्वारा दिनांक 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को कानपुर बार एसोसिएशन परिसर में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *