Breaking News

हथगांव ब्लॉक में पचास हजार की रिश्वत लेते मनरेगा ऑपरेटर गिरफ्तार एंटी करप्शन टीम के ट्रैप से मचा हड़कंप, भुगतान के नाम पर वसूली का आरोप

खागा, फतेहपुर। हथगांव विकास खंड मुख्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रयागराज की एंटी करप्शन टीम ने मनरेगा के संविदा ऑपरेटर हाफिजुर रहमान को पचास हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गई। घटना के बाद ब्लॉक परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

जानकारी के अनुसार, एंटी करप्शन टीम को शिकायत मिलने के बाद टीम पहले से ही सिविल ड्रेस में ब्लॉक परिसर में मौजूद थी। आरोप है कि सुरजीपुर ग्राम पंचायत के प्रधान संतोष कुमार यादव से विकास कार्यों के भुगतान के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।

जैसे ही प्रधान ने ऑपरेटर को 50 हजार रुपये दिए और बाहर निकलकर टीम को पूर्व निर्धारित संकेत दिया, एंटी करप्शन टीम ने तत्काल दबिश देकर हाफिजुर रहमान को रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद हुई, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए साथ ले जाया गया।

ग्राम प्रधान संतोष कुमार यादव का आरोप है कि उनकी ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित था। भुगतान जारी कराने के नाम पर ऑपरेटर लगातार 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। इसके बाद उन्होंने दो दिन पहले एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान एडीओ पंचायत डॉ. अनुपम शर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनभावन शास्त्री सहित कई कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। वहीं खंड विकास अधिकारी राहुल मिश्रा उस समय ब्लॉक मुख्यालय में मौजूद नहीं थे।

एंटी करप्शन टीम अब पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में पांच दिन से लापता अधेड़ की नदी में मिली लाश, इटरा गांव में पसरा मातम

फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र में पांच दिन से लापता चल रहे 52 वर्षीय अधेड़ का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *