Breaking News

निवाड़ी ने छतरपुर को एक अंक से दी मात, जीता जलविहार मेला कबड्डी का खिताब

महोबा। जलविहार मेला महोत्सव के तहत नगर के मेला ग्राउंड में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में निवाड़ी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में निवाड़ी ने छतरपुर की टीम को महज एक अंक के अंतर से हराया। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए जमकर संघर्ष किया, जिसे देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

 

नगर पंचायत के तत्वावधान में आयोजित जलविहार मेला महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी कराई जा रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की करीब 10 टीमों ने हिस्सा लिया। चित्रकूट, स्वासा, निवाड़ी, छतरपुर, बम्होरी, सिरमौर और जालौन सहित विभिन्न स्थानों की टीमों ने प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाया।

 

एक-एक अंक के लिए भिड़ीं दोनों टीमें

 

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला निवाड़ी और छतरपुर के बीच खेला गया। शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ी एक-एक अंक हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंकते नजर आए। मुकाबला अंतिम क्षणों तक रोमांचक बना रहा।

 

फाइनल मुकाबले में निवाड़ी ने कुल 22 अंक हासिल किए, जबकि छतरपुर की टीम 21 अंक ही बना सकी। इस तरह निवाड़ी ने एक अंक की बढ़त के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।

 

विजेता टीम को गोल्ड शील्ड और 7,100 रुपये

 

प्रतियोगिता में विजेता बनी निवाड़ी की टीम को नगर पंचायत की ओर से 7,100 रुपये नगद, गोल्ड शील्ड और सभी खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए गए। वहीं उपविजेता छतरपुर की टीम को 5,100 रुपये नगद, सिल्वर शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

 

जिला पंचायत अध्यक्ष जयप्रकाश अनुरागी और नगर पंचायत अध्यक्ष वैभव अरजरिया की ओर से विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार मिलने के बाद खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा।

 

बड़ी संख्या में दर्शकों ने देखा मुकाबला

 

कबड्डी प्रतियोगिता को लेकर ग्रामीणों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। फाइनल मुकाबले के दौरान मेला ग्राउंड दर्शकों से भरा रहा। रोमांचक मुकाबले में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ उनका हौसला बढ़ाया।

 

प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका प्रदीप यादव ने निभाई। इस अवसर पर देवेंद्र लटोरिया, संजय नामदेव, संतोष कुमार, राजा यादव, छोटू सिंह, महेंद्र यादव, नितेंद्र चौबे, कबड्डी सचिव देवीशरण यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

महोबा में संचारी रोगों के खिलाफ अभियान शुरू, जागरूकता रैली निकालकर लोगों को किया गया जागरूक

महोबा जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ आज जिला महिला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *