फतेहपुर। छत्रपति शिवाजी महाराज सेवा संस्थान के बैनर तले सोमवार को उमरापुर, भैरमपुर, बुधइयापुर और धोड़ियाही गांव के किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर बताया कि जीटी रोड पर धोड़ियाही के समीप पुल खोल दिए जाने से उनकी फसलें बर्बाद हो रही हैं। किसानों ने पुल को बंद करवाकर फसलों का सर्वे कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में किसानों ने बताया कि कानपुर-इलाहाबाद हाईवे पर धोड़ियाही के समीप बने पुल को खोल दिया गया है। इसके कारण क्षेत्र में पानी भरने से किसानों की हजारों बीघा धान की फसल बर्बाद हो रही है। किसानों का कहना है कि जीटी रोड पर बने इस पुल को बंद कराया जाना बेहद जरूरी है।
किसानों ने मांग की कि ग्राम सभा धोड़ियाही और भैरमपुर के प्रशासनिक अधिकारियों से कहकर पानी की निकासी कराई जाए। साथ ही लेखपाल और पंचायत सचिव के माध्यम से बर्बाद हुई फसल का सर्वे कराया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा मिल सके।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पानी की निकासी और फसल के नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा नहीं दिया गया तो सैकड़ों परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच सकते हैं।
किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की कि पुल को बंद कराकर पानी की निकासी कराई जाए और तत्काल फसलों का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाया जाए।
इस मौके पर रामविलास, नरसिंह, प्रदीप कुमार, मनोज कुमार, अजय पटेल, अर्जुन सिंह, शिवविलास, महेश, सुरेश, दिनेश, अमन, मान सिंह, राजेश सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
News Wani
