डलमऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डलमऊ कोतवाली परिसर में पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल के बीच ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्राधिकारी गिरिजा शंकर त्रिपाठी एवं थाना प्रभारी राघवन कुमार सिंह के नेतृत्व में डलमऊ पुलिस टीम ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
ध्वजारोहण के दौरान पूरा थाना परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश की आजादी के लिए किए गए वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष एवं बलिदान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए और देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए।
थाना प्रभारी राघवन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने भी राष्ट्र की सेवा और आमजन की सुरक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों को ईमानदारी एवं निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।
News Wani
