Breaking News

“उड़ीसा से दिल्ली जा रहा 154 किलो गांजा पुलिस ने किया जब्त”

बरेली:  उड़ीसा से दिल्ली गांजे की खेप ले जा रहे दो तस्करों को भमोरा थाना पुलिस ने दबोचा है। दोनों तस्करों के पास से 153.69 किलो गांजा, एक ट्रक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद माल की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये कीमत बताई जा रही है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान गांव पस्तौर, थाना शाहबाद, रामपुर निवासी आलम उर्फ अकरम और इस्लाम खां के रूप में हुई है। जबकि गिरोह सरगना दिल्ली निवासी राकेश यादव और रामपुर निवासी फरमान पुलिस गिरफ्त से दूर है।

एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात भमोरा पुलिस की टीम रम्पुरा-बिशारतगंज रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रम्पुरा तिराहे की ओर से एक ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर ड्राइवर और हेल्पर हड़बड़ा गए और ट्रक सड़क किनारे रोककर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी आलम उर्फ अकरम और इस्लाम खां के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा और मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक को भी सीज कर दिया। पुलिस ने तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

पूछताछ में दोनों तस्करों ने बताया कि वह करीब एक महीने से फरमान के ट्रक पर काम कर रहे थे। राकेश यादव और फरमान ने 40 हजार रुपये में उड़ीसा से बिसौली, बदायूं (आसफपुर स्टेशन) तक गांजा पहुंचाने की डील की थी। वहां से माल दिल्ली भेजा जाना था। आरोपियों ने बताया कि हाईवे पर सख्त चेकिंग देखकर वह लोकल रोड से ट्रक लेकर निकल रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। अकरम और इस्लाम पढ़े-लिखे नहीं है। अकरम करीब एक साल से ट्रक ड्राइवर है। उसके चार भाई हैं जिनमें दो बेंगलुरु और एक मुंबई में काम करता है। इस्लाम खां का भाई इकराम रांची में इसी धंधे में जेल गया था और वहीं उसकी मौत हो गई थी। पुलिस राकेश यादव और फरमान की तलाश में जुट गई है।

About NW-Editor

Check Also

रिक्शा चालक पर चाकू से हमला, हालत नाजुक; पत्नी और प्रेमी पर गंभीर आरोप

बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में एक रिक्शा चालक को घेरकर आरोपियों ने उस पर चाकुओं से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *