प्रयागराज के साउथ मलाका इलाके में हुए चार लोगों के सामूहिक हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है, इस खौफनाक वारदात की परतें और उलझती जा रही हैं। अब इस मामले में पुलिस की जांच का मुख्य केंद्र कथित बहू ऋतु बन गई है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। यह दर्दनाक घटना उस समय सामने आई जब सब्जी मंडी चौराहा स्थित एक घर और दुकान का ताला तोड़कर पुलिस ने चार शव बरामद किए। मृतकों की पहचान कारोबारी वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी अनीता, बेटी मीनाक्षी और बेटे अभिषेक के रूप में हुई है। सभी की हत्या बेहद बेरहमी से सिर कुचलकर की गई थी।
घटना के बाद घर के भीतर और दीवारों पर जो संदेश मिले, उन्होंने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। फॉरेंसिक जांच के दौरान एक दफ्ती के टुकड़े, बोर्ड और दीवारों पर “बंटी-बबली और बहू ने मारा है” जैसे शब्द लिखे मिले हैं। इन संदेशों ने पुलिस के लिए जांच को और जटिल बना दिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह संदेश मरने से पहले किसी पीड़ित ने लिखे या फिर हत्यारों ने जानबूझकर जांच को भटकाने के लिए यह साजिश रची। जांच में सामने आया है कि मृतक कारोबारी के छोटे बेटे अश्वनी वैश्य और उसकी कथित पत्नी ऋतु पहले एक धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुके हैं। अश्वनी अभी कौशांबी जेल में बंद है, जबकि ऋतु हाल ही में जमानत पर बाहर आई है।
इसी वजह से पुलिस का ध्यान अब ऋतु की गतिविधियों और लोकेशन पर केंद्रित हो गया है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजय पाल शर्मा के अनुसार, परिवार के भीतर लंबे समय से विवाद चल रहा था और कई आपराधिक कड़ियां इस मामले से जुड़ सकती हैं। पुलिस को उम्मीद है कि ऋतु के पकड़े जाने के बाद इस पूरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझ सकती है।
इस बीच पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल ली है। जांच टीमों ने फॉरेंसिक, डॉग स्क्वायड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी है। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि हत्या से पहले घर के बाहर विवाद हुआ था और कुछ संदिग्ध संपर्क भी सामने आए हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल सबूतों का इंतजार कर रही है, जिससे हत्या के पीछे की असली साजिश का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल पूरा मामला रहस्य बना हुआ है और पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
News Wani
