Breaking News

जेल की चाहत पड़ी भारी: पत्नी पर तमंचा तानने वाला पति गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक बेहद हैरान करने वाला और अनोखा मामला सामने आया है. यहां सेंट्रल जेल देखने की सनक में एक युवक ने अपनी ही पत्नी को बंदूक दिखाकर डरा दिया. अहेरीपुर का रहने वाला ट्रैक्टर चालक कोमल सिंह घर में रखे अवैध तमंचे से अपनी पत्नी संगीता को धमकाने के बाद दो जिंदा कारतूस लेकर खुद ही पुलिस चौकी पहुंच गया. पुलिस ने आरोपी को अवैध हथियार रखने के जुर्म में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस मामले में सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात तब सामने आई जब मेडिकल परीक्षण के दौरान युवक ने मीडिया के कैमरों के सामने बड़े जोश के साथ अपनी इस अजीबोगरीब सनक की वजह बताई जिसे सुनकर वहां मौजूद डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ और मीडिया भी दंग रह गए.

मेरी बीवी 6 महीने में छुड़ा लेगी और लौटकर लहंगा दूंगा

बकेवर इलाके के अहेरीपुर निवासी कोमल सिंह के सिर पर सेंट्रल जेल देखने का ऐसा भूत सवार हुआ कि उसने इसके लिए अपनी ही पत्नी को जरिया बना डाला. उसने अपनी पत्नी संगीता को तमंचे से सिर्फ इसलिए धमकाया ताकि पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दे. कोमल का मानना था कि अगर वह किसी बाहरी व्यक्ति के साथ ऐसा करता तो उसे बहुत कड़ी सजा हो जाती. उसने मीडिया के सामने दावा किया कि ‘मेरी बीवी मुझे 6 महीने के भीतर जेल से बाहर निकलवा लेगी. जब मैं जेल से वापस लौट कर आऊंगा तो अपनी पत्नी को एक नया शानदार लहंगा खरीद कर दूंगा.’

खुद कारतूस लेकर सरेंडर करने पहुंचा आरोपी

अपनी इस अजीब योजना को अंजाम देने के बाद कोमल सिंह 2 जिंदा कारतूसों के साथ खुद चलकर पुलिस चौकी पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया.

अस्पताल में आरोपी की बातें सुन हर कोई हैरान

गिरफ्तारी के बाद पुलिस नियमानुसार कोमल सिंह को मेडिकल परीक्षण के लिए इटावा के डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय की इमरजेंसी में लेकर पहुंची थी. अस्पताल परिसर में मीडिया कर्मियों को देखकर कोमल बिल्कुल भी नहीं घबराया बल्कि उसने बेहद उत्साह और जोश के साथ अपने इस पूरे कारनामे का बखान करना शुरू कर दिया. उसकी बातों को सुनकर अस्पताल के डॉक्टर, कर्मचारी और मीडिया कर्मी हैरान रह गए. पुलिस के मुताबिक युवक की बातों और हरकतों में साफ तौर पर मानसिक सनक दिखाई दे रही है. फिलहाल, पुलिस ने उसे कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है जिससे उसकी सेंट्रल जेल देखने की इच्छा पूरी हो गई है.

About NW-Editor

Check Also

मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार

-53,700 नकद, अवैध तमंचे व पल्सर बाइक बरामद ब्यूरो संजीव शर्मा इटावा: जनपद में अपराध …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *