पाकिस्तान में इस वक्त सियासी बवाल मचा हुआ है. पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से नहीं मिलने दिए जाने को लेकर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) भड़के हुए हैं. इमरान खान की बहनों ने आरोप लगाया है कि 3-4 हफ्ते से जेल प्रशासन उनको मिलने नहीं दे रहा है. वह सही सलामत है या नहीं? इसकी भी प्रशासन कोई सूचना नहीं दे रहा है. पीटीआई के हंगामे के बाद पाकिस्तान सरकार बैकफुट पर आ गई है. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सरकार ने मंगलवार को इमरान की बहन को उनसे मिलने की इजाजत दे दी है. इमरान की एक बहन उनसे अदियाला जेल में मिल सकती हैं.
पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ ने खुद इसकी घोषणा की है. मरियम, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की भतीजी और पूर्व पीएम नवाज शरीफ की बेटी हैं. सरकार के इस आदेश के बाद माना जा रहा है कि इमरान खान की सेहत और उनकी मौत को लेकर चल रहीं अफवाहें खत्म हो सकती हैं. बता दें कि पीटीआई कार्यकर्ता और इमरान खान का परिवार अदियाला जेल और हाईकोर्ट के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं. उनका कहना है कि जब तक इमरान से मुलाकात नहीं हो जाती, वह अपना प्रदर्शन खत्म नहीं करेंगे.
इमरान खान को फांसी घर में रखने का दावा
PTI समर्थकों के मुताबिक, पंजाब सरकार ने सिर्फ बहन उजमा को इमरान खान से मिलने की परमिशन दी गई है. वह उनसे मिलने अदियाला जेल के अंदर गई हैं. जल्द ही इमरान खान की सेहत के बारे में खुलासा हो जाएगा. इमरान खान के बेटे कासिम ने दावा किया कि उनके पिता को फांसी घर में रखा गया है. पीटीआई के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर इस्लामाबाद और रावलपिंडी में 1 से 3 दिसंबर तक धारा 144 लागू की गई है. गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने धमकी भरे अंदाज में कहा है कि जो इसका उल्लंघन करेगा उस पर कार्रवाई निश्चित तौर पर होगी. पाक गृह मंत्रालय के खुफिया इनपुट के हवाले से दावा किया कि उन्हें आशंका है कि प्रदर्शन की आड़ में आतंकी हमले किए जा सकते हैं. मीडिया आउटलेट डॉन ने बताया कि इस्लामाबाद में स्थानीय मीडिया से बात करते हुए चौधरी ने चेतावनी दी, “चाहे वे इस्लामाबाद हाई कोर्ट (IHC) आएं या अदियाला जेल, धारा 144 के तहत बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने PTI समर्थित सांसदों से कानून का पालन करने को कहा है.
News Wani
