Breaking News

उत्तराखंड में बारिश का कहर: देहरादून-पिथौरागढ़ में स्कूल बंद, बद्रीनाथ हाईवे पर भूस्खलन

-लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी, जलभराव और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित; प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया।

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद देहरादून और पिथौरागढ़ में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में मंगलवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है। इसके अलावा पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में भी विद्यालय बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

नौ जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने राज्य के देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है।

मसूरी में भूस्खलन, कई स्थानों पर जलभराव

मसूरी के लाइब्रेरी क्षेत्र स्थित स्प्रिंग रोड पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिससे एक पुश्ता ढह गया। मलबे की चपेट में दो बड़े पेड़ भी आ गए हैं। वहीं, शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

बद्रीनाथ हाईवे बाधित

चमोली जिले में लगातार बारिश के चलते बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग कंचनगंगा क्षेत्र में भूस्खलन के कारण बाधित हो गया। नारायणबगड़ बाजार में भी पानी और मलबा भर गया, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

घरों में घुसा बारिश का पानी

देहरादून-ऋषिकेश मार्ग पर भानियावाला फ्लाईओवर के नीचे भारी जलभराव हो गया। आसपास के कई घरों में भी बारिश का पानी घुस गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसाती नालों पर अतिक्रमण के कारण हर साल ऐसी स्थिति बनती है।

प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

About NW-Editor

Check Also

“120 की रफ्तार से XUV ट्रक में घुसी, शव सीट से चिपके: 4 दोस्तों की मौत”

उत्तराखंड: ऋषिकेश में तेज रफ्तार महिंद्रा XUV500 कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकराकर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *