गोरखपुर। गोरखपुर एयरपोर्ट पर 19 अगस्त को इंडिगो की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से गोरखपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2381 का पिछला हिस्सा यानी टेल रनवे से टकरा गया। विमान में क्रू मेंबर्स समेत कुल 178 लोग सवार थे।
लैंडिंग के दौरान टेल के रनवे से टकराने के बाद पायलट ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को दोबारा हवा में ले जाने यानी गो-अराउंड का फैसला किया। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से अनुमति मिलने पर विमान की दोबारा सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
नियमित जांच में मिले खरोंच के निशान
विमान के उतरने के बाद की गई नियमित तकनीकी जांच में पिछले हिस्से में ऑक्जिलरी पावर यूनिट (APU) के पास खरोंच के निशान मिले। इसके बाद विमान को अस्थायी रूप से सेवा से हटा दिया गया। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच और मरम्मत का काम किया जा रहा है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, तकनीकी जांच पूरी होने और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान में शामिल किया जाएगा।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता
इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि विमान को दोबारा हवा में ले जाने का फैसला पूरी तरह यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था। कंपनी के अनुसार, यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दिल्ली जाने वाली दूसरी फ्लाइट भी लेट
घटना का असर गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की दूसरी फ्लाइट 6E-5013 पर भी पड़ा। एयरपोर्ट डायरेक्टर संजय कुमार के अनुसार, यह फ्लाइट निर्धारित समय से करीब 5 घंटे 30 मिनट की देरी से रवाना हुई।
फ्लाइट में देरी के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट और जरूरी काम भी प्रभावित हुए।
News Wani
